तन की परवाह किये बिना संघ की रक्षा करे - जैनाचार्य
भीनमाल। :-स्थानीय महावीर स्वामी जैन मंदिर प्रांगण में चल रहे त्रिदिवसीय पुण्योत्सव कार्यक्रम के दूसरे दिन गुरुवार को अपने प्रवचन में जैन आचार्य नित्यसेन सूरीश्वर म.सा. ने साधु-साध्वी तथा श्रावक-श्राविकाओं को आगाह किया कि वह अपने तन की परवाह ना करते हुए संग की रक्षा के लिए हमेशा तत्पर रहें। जैन आचार्य ने अपने प्रवचन में जैन धर्म के उपदेशों की चर्चा करते हुए कहा कि जयंतसेन सूरीश्वर म.सा. ने अपने जीवन काल में जैन शासन के महान कार्य किए। उन्होंने कई मंदिरों की प्रतिष्ठा कराई, कई लोगों को संयम धारण कराया तथा कई धार्मिक यात्राओं के आयोजन में निश्रा प्रदान की। जैन आचार्य जयंतसेन सूरीश्वर म.सा. ने विश्वास दिलाया कि प्रत्येक धार्मिक आयोजन में उनकी उपस्थिति जरूर रहेगी। उन्होंने ज्यादा-से-ज्यादा सद्कार्य करने की सीख देते हुए कहा कि प्रत्येक श्रावक-श्राविकाएं अपनी शक्ति अनुसार धर्म कार्य करे। भांडवपुर तीर्थ के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि वहां स्थित 52 जिनालय के अवश्य दर्शन लाभ लें। जैनाचार्य ने महावीर भगवान की चर्चा करते हुए कहा कि मारवाड़ की भूमि उनके चरण स्पर्श से धन्य हुई हैं।
हुआ महापूजन
मीडिया प्रभारी माणक मल भंडारी ने बताया कि गुरुवार को दोपहर में विजय मुहूर्त में 108 जोड़ों सहित विधि विधानपूर्वक अष्टोत्तरी शांति महा पूजन का आयोजन किया गया। जिसमें संगीतमय कार्यक्रम से पूरा वातावरण धर्ममय हो गया।
थराद में भी होगा पुण्योत्सव
जैन आचार्य जयंतसेन सुरिश्वर म.सा. के देवलोक गमन के पश्चात जगह जगह पर पुण्योत्सव कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में गुजरात राज्य के थराद गांव में भी आगामी जून माह में पुण्योत्सव कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
आज होगी गुणानुवाद सभा
पुण्योत्सव के दौरान शुक्रवार को स्थानीय महावीर स्वामी जैन मंदिर प्रांगण में प्रात: 9 बजे विशाल गुरूगुणानुवाद सभा का आयोजन होगा। जिसमें देश भर केे गुरू भक्त जंयत सेन सुरीश्वर म.सा. को श्रद्धांजली देंगे।
Comments
Post a Comment